विशुनगढ़। क्षेत्र के एक गांव में बारात में शामिल किशोरी का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। सूचना पर यूपी 100 और थाना पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश युवती को छोड़कर भाग गए। पुलिस ने किशोरी को मुक्त करा लिया। बदमाश फरार हो जाने में सफल रहे।
गांव में समारोह स्थल से घर की ओर जाते समय शुक्रवार रात करीब 12 बजे एक कार से आए तीन बदमाशों ने किशोरी को जबरन खींचकर कार में डाल लिया। किशोरी के अपहरण का मामला प्रकाश में आते ही वहां भगदड़ मच गई। किशोरी के चाचा ने यूपी 100 पर घटना की सूचना दी। पुलिस ने चारों तरफ घेराबंदी कर दी। अपने आपको घिरा देख कार सवार बदमाश ग्राम जगदीशपुर सरैया के पास नाला की पुलिया की झाड़ियों में किशोरी को फेंककर भाग गए। पुलिस किशोरी को वहां से थाने ले आई। परिजनों के आने पर किशोरी को उनके सुपुर्द कर दिया। विशुनगढ़ थानाध्यक्ष शिवशंकर ने बताया कि किशोरी इतनी डरी सहमी थी कि उससे अभी कुछ भी पूछताछ संभव नहीं है। बाद में पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी।
अगवा किशोरी को पुलिस ने कराया मुक्त