अमर उजाला ब्यूरो
तिर्वा(कन्नौज)। डीएन इंटर कालेज ट्रस्ट की खाली पड़ी जमीन को खाली कराने के विवाद को लेकर सोमवार को कालेज के सैकड़ों छात्रों व जमीन पर कब्जा कर रहे लोगों के मध्य हुए पथराव व मारपीट के मामले में कालेज के प्रधानाचार्य समेत तीन सौ से चार सौ अज्ञात छात्रों के खिलाफ तोड़फोड़, बलवा व दलित उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया गया है।
कस्बे के दुर्गा नगर मोहल्ला निवासी शांती देवी पत्नी रामसनेही नट ने डीएन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रामऔतार यादव व तीन सौ से चार सौ के करीब अज्ञात छात्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हवाला दिया है कि उक्त छात्रों ने प्रधानाचार्य के नेतृत्व में उनके घरों पर हमला बोल दिया, निर्माणाधीन मकानों को ढहा दिया।
मकान में रखे सामान में तोड़फोड़ की। सभी को जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। तिर्वा कोतवाल अमरपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच-पड़ताल जारी है। आरोप सिद्ध होने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि तिर्वा कोतवाली के पास डीएन इंटर कालेज ट्रस्ट की तिर्वा-गुरसहायगंज मार्ग पर खाली जमीन पड़ी है। इस जमीन की कीमत करोड़ों में है। उक्त जमीन पर नट समुदाय के आधा दर्जन लोगों ने कब्जा करके अपना मकान बनाना शुरू कर दिया था। इस पर डीएन कालेज के सैकड़ों छात्र सोमवार की सुबह नौ बजे मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन मकानों को ढहा दिया।
डीएन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रामऔतार यादव ने इस पूरे प्रकरण के लिए तहसील प्रशासन को ही जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि जमीन को खाली कराने के लिए उन्होंने दो सितंबर को एसडीएम व तिर्वा कोतवाल को लिखित पत्र दिया था। इसके बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। रिपोर्ट दर्ज होने को लेकर बताया कि बुधवार को कालेज के शिक्षकों की एक बैठक बुलाई गई है। जिसमें रणनीति तय की जाएगी।
--जमीन पर अवैध कब्जे के गिराने के लिए छात्रों ने सोमवार को की थी तोड़फोड़