छिबरामऊ(कन्नौज)। शहर के प्रमुख कपड़ा व्यापारी शिवम दुबे उर्फ रिंकू की मौत के मामले में जिले की क्राइम ब्रांच टीम ने विवेचना शुरू कर दी है। टीम ने शहर में डेरा डाल दिया है। टीम के अधिकारियों ने कई लोगों से पूछताछ की है।
नगर के मोहल्ला सराफान निवासी कपड़ा व्यापारी शिवम दुबे उर्फ रिंकू का शव 11 मई की सुबह कब्रिस्तान में शीशम के पेड़ से झूलता मिला था। लगभग एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कोतवाली पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। पिछले दिनों व्यापारियों ने शहर के बाजार बंद कर पीपल चौराहे पर धरना-प्रदर्शन किया था। तब मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच से कराने का भरोसा दिलाया था। क्राइम ब्रांच टीम ने शहर में डेरा डाल दिया। शुक्रवार को क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर ने मृतक रिंकू दुबे के घर जाकर परिजनों से बातचीत की। इसके बाद शहर में भी कई अन्य लोगों से पूछताछ की।
सीसीटीवी कैमरों के खंगाले फुटेज
विवेचना में जुटी क्राइम ब्रांच टीम के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले। मामले के खुलासे में सर्विलांस टीम का भी सहारा लिया जा रहा है।
क्राइम ब्रांच टीम ने डाला डेरा, कई लोगों से की पूछताछ
कपड़ा व्यापारी रिंकू दुबे की मौत का मामला