अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। पशु व्यापारी और उसकी पत्नी की हत्या के फरार आरोपी मामा और भांजी की गिरफ्तारी पर एसपी ने 25-25 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। वारदात के 68 दिन बाद भी दोनों पुलिस पकड़ से दूर हैं।
गुरसहायगंज क्षेत्र के गौरियापुर निवासी पशु व्यापारी रमेश की 9 अक्तूबर की रात को धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। बदमाशों ने उनकी पत्नी ऊषा देवी पर भी वार किए थे। गंभीर रूप से घायल ऊषा ने भी कानपुर के अस्पताल में कई दिनों बाद दम तोड़ दिया था। वारदात वाली रात से रमेश की बेटी संगीता और उनका साला परवेंद्र निवासी कतन्नापुर जिला हरदोई भी लापता है।
कोतवाली प्रभारी नागेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि विवेचना में पता चला है कि परवेंद्र और संगीता के बीच प्रेम-संबंध थे। परिजन इसका विरोध करते थे, इसी के चलते दोनों ने दोहरे हत्याकांड अंजाम दिया था। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात तक छापेमारी की लेकिन हाथ नहीं आए। एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने सोमवार को गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये इनाम घोषित किया है। कोतवाल का दावा है कि दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्यारोपी मामा-भांजी पर इनाम घोषित
क्रासर
दो महीने पहले हुई थी गौरियापुर के व्यापारी व उसकी पत्नी की हत्या
वारदात के दिन से बेटी और साले भी लापता, दोनों को बनाया आरोपी