लखनऊ में शादी समारोह से लौट रहे दंपति की गाड़ी सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। इससे दंपति समेत उनकी दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने सभी को कार से बाहर निकाला। थोड़ी देर में पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया जहां एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही सभी को प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रयागराज के तेलियरगंज निवासी विवेक सिंह (35) पुत्र धीरेंद्र सिंह अपनी पत्नी व बच्चों के साथ लखनऊ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। भोर में वह वहां से लौट रहे थे। मानिकपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव के पास करीब सात बजे कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
इससे इसमें मौजूद विवेक सिंह, उनकी पत्नी आकांक्षा (32), पुत्री ईसर (3) व दो माह की पुत्री क्राप्सी घायल हो गईं। घटना के दौरान मौके पर पहुंचे लोगों ने कार से सभी को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को कुंडा सीएचसी में भर्ती कराया। सीएचसी में ही दो माह की बच्ची क्राप्शी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके साथ ही तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया।