तिर्वा। शराब माफियाओं के विरुद्ध में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने स्वाट टीम के सहयोग से नकली शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर देसी शराब के क्वाटर, 120 लीटर केमिकल, स्टीकर व बोतलों के ढक्कन बरामद किए हैं।
अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही पुलिस ने कस्बे के बरधईया मार्ग पर एक मकान में छापा मारा। कार्रवाई होते ही मकान के अंदर रह रहे दो लोग पुलिस देख भाग खड़े हुए। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम थाना ठठिया के धन्नापुर्वा निवासी अनुज राजपूत पुत्र राजेश व जनपद मैनपुरी थाना बेबर गांव टोडरपुर निवासी ब्रम्हपाल पुत्र कन्हई बताया। पुलिस ने जब मकान की तलाशी ली तो वहां पर 60-60 लीटर दो केन, जिसमें केमिकल भरा हुआ था। 30 खाली क्वाटर, 32 सौ स्टीकर मस्तीह ब्रांड के, नौ सौ ढक्कन व एक बाइक बरामद की। सीओ सुबोध कुमार जायसवाल ने बताया कि यह लोग केमिकल, पानी व रंग मिलाकर नकली शराब तैयार करते थे। मकान के अंदर पैकिंग कर ग्रामीण क्षेत्रों में बिक्री कराते थे। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ की जा रही हैं, और भी लोग इस काम में लिप्त है। उनकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है। खुलासे के दौरान कोतवाल आमोद कुमार, स्वाट टीम प्रभारी राकेश कुमार सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।