लाटघाट(आजमगढ़)। रौनापार क्षेत्र के बरडीहां बाजार स्थित स्टेट बैंक में सोमवार की रात चोरी का प्रयास किया गया। चोरों ने बैंक के मुख्य गेट पर लगे पांच तालों को गैस कटर से काट डाला था पर वे तिजोरी को नहीं काट पाए। मंगलवार की सुबह बैंक पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फारेंसिक टीम के साथ पड़ताल की। मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बरडीहां गांव निवासी रामप्यारे सिंह के मकान में स्टेट बैंक की शाखा है। आबादी से नजदीक होने की वजह से बैंक में रात को चौकीदार आदि नहीं रहता है। सोमवार की रात घरेलू गैस सिलेंडर की मदद से चोर बैंक के मुख्य गेट पर लगे चार तालों को काट कर अंदर घुस गए। मेनचेस्ट के कमरे में लगा पांचवां ताला काटकर चोर ने तिजोरी तक पहुंच गए और उसे भी काटने का काफी प्रयास किया, पर असफल रहेष बाद में सिलिंडर वहीं छोड़ कर वे फरार हो गए। तिजोरी में करीब दस लाख रुपये थे। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पहुंचे एसओ रौनापार ने डॉग स्क्वाड और फारेंसिक टीम को बुलाकर मुआयना किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि बैंक में लगा सीसीटीवी कैमरा सोमवार की शाम को 6.04 बजे ही बंद हो गया। बैंककर्मियों ने बताया कि बैंक बंद होने के बाद लाइट काट देने ले कैमरा भी बंद हो जाता है। पुलिस सिलिंडर के बारे में पड़ताल कर रही है। शाखा प्रबंधक हरिमूर्ति की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
पूरे दिन प्रभावित रहा बैंक का काम
रौनापार थाना क्षेत्र के बरडीहां गांव में स्थित स्टेट बैंक की शाखा में सोमवार की रात के प्रयास और मंगलवार को घटना की जानकारी होने के बाद होने वाली औपचारिकताओं को पूरा करने में पूरे दिन बैंक के अधिकारी और कर्मचारी जुटे रहे। बैंक कर्मियों के इस कार्य में व्यस्तता का परिणाम रहा कि मंगलवार को पूरे दिन बैंक का काम ठप रहा। कामकाज न होने की वजह से बैंक आए खाता धारकों को मायूस होकर लौट जाना पड़ा।
अभी तक नहीं मिली गार्ड की राइफल
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरैया बाजार में स्थित स्टेट बैंक की शाखा में 14 अक्तूबर की रात चोर खिड़की तोड़कर भीतर घुसे थे और तिजोरी से लाखों रुपये चुराने का प्रयास किया। कोई सफलता न मिलने पर चोर भीतर रखा गया गार्ड का राइफल चुरा ले गए। इस घटना में शामिल चोरों को अब तक पकड़ने में पुलिस जहां नाकाम रही। वहीं गार्ड की राइफल भी नहीं बरामद कर सकी है।