सौरिख। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लइया के बोरों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही शराब से भरा ट्रक आगे चल रहे डंपर से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद शराब की बोतलें सड़क पर गिर गईं, जिन्हें ग्रामीणों ने लूट लिया। पुलिस ने घायल चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि चालक का निगरानी में इलाज जारी है। ट्रक हरियाणा के सोनीपत से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी जा रहा था।
शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक ट्रक जा रहा था। ओवरटेक करने के प्रयास में ट्रक डंपर से टकराकर पलट गया। हादसे में सोनीपत के कुंडली निवासी चालक जयवीर सिंह और खरखौदा निवासी हेल्पर अनिल घायल हो गए। ट्रक पलटने पर इसमें लदे लइया के बोरों के नीचे छिपाकर रखी गई अवैध शराब की बोतलें सड़क पर आ गिरीं। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और शराब लूट ली। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह और सहायक सुरक्षा अधिकारी नामवर सिंह मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख में भर्ती कराया गया। चालक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक ट्रक सोनीपत से सिलीगुड़ी जा रहा था। इसमें लइया के बोरों के नीचे अवैध शराब छिपाई गई थी। उधर, दूसरी ओर पुलिस ने घायल हेल्पर को हिरासत में ले लिया है। चालक का उपचार भी पुलिस की निगरानी में कराया जा रहा है।
शराब की तस्करी के लिए डिजाइन किया गया था ट्रक
ट्रक पलटने से शराब की तस्करी खुल गई। ट्रक को खास तौर पर तस्करी के लिए डिजाइन किया गया था। ट्रक के अंदर नीचे की ओर एक विशेष केबिन टिन से बनाया गया था। इसमें अवैध शराब की पेटियां रखी गईं थीं। ऊपर और पीछे से इसमें लइया के बोरे रख दिए गए थे। रास्ते में अगर जांच भी हो तो लइया के बोरे ही नजर आते थे। माना जा रहा है कि शराब की तस्करी इस रास्ते से लंबे समय से होती रही होगी, लेकिन वाहनों की गंभीरता से जांच नहीं हुई, इसलिए तस्करों ने इस मार्ग को मुुफीद मान लिया।
नालियों में बही शराब
ट्रक पलटने से शराब की बोतलों के फूट जाने के कारण शराब सड़क के किनारे बनी नालियों में बहने लगी। नालियों में शराब बहते देख बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे कोल्डड्रिंक की खाली बोतलों में शराब भरने की कवायद में लगे नजर आए।
हरियाणा में बिक्री के लिए थी शराब ले जाई जा रही थी बिहार
शराब को अवैध इसलिए माना गया है क्योंकि ये शराब की बोतलें सिर्फ हरियाणा प्रदेश में ही बेची जा सकती थीं। अन्य राज्यों की अपेक्षा हरियाणा में शराब सस्ती मिलती है। लिहाजा प्राथमिक जांच से पता चल रहा है कि सस्ती शराब खरीदकर इसे बिहार में अधिक दामों पर खपाने की योजना थी। बिहार में शराब की बिक्री पर रोक है। ऐसे में वहां तस्करी कर शराब महंगे दामों पर खपाई जाती है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर ट्रक में मिली शराब को छोटे वाहनों से थाने पहुंचाया गया। संवाद- फोटो : KANNAUJ