कन्नौज। दहेज उत्पीड़न के मामले में तारीख पर आई महिला सिपाही पर पति और सास ने हमला कर दिया। अधिवक्ताओं ने किसी तरह मामले को शांत कराया। महिला सिपाही की तहरीर पर गुरुवार को सदर कोतवाली में पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव खोजीपुर निवासी खानम सिपाही हैं। उसका निकाह पांच साल पहले अलीगढ़ के सिविल लाइन इलाके के जौहराबाग चमन मंजिल में फर्स्ट फ्लोर निवासी अयूब अमून मुस्तफा के साथ हुआ था। खानम के मुताबिक निकाह के बाद पति और परिवार के लोगों ने दहेज की मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद खानम की नौकरी लग गई तो वह अलग रहने लगी।
दहेज उत्पीड़न का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। खानम ने बताया कि बुधवार को वह कचहरी पेशी पर आई थी। इसी दौरान यहां मौजूद पति अयूब अमन मुस्तफा और सास मलिका अफरोज ने खानम पर हमला कर दिया। गुरुवार को खानम ने सास और पति के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दी। सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच की जा रही है।