कन्नौज। दो साल पहले किशोरी को बहला फुसलाकर साथ ले जाने और फिर बरेली के युवक को बेच दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि खरीदार ने युवती से देह व्यापार भी कराया। किसी तरह चंगुल से निकली किशोरी यहां पहुंची। इसके बाद किशोरी की मां ने एसपी से शिकायत की है।
शहर की कांशीराम कालोनी निवासी एक महिला ने सोमवार को एसपी कुंवर अनुपम सिंह को शिकायती पत्र दिया है। इसमें बताया कि दो साल पहले उसकी पुत्री को शहर की मछली मंडी में रहने वाले दंपती बहला फुसलाकर दिल्ली ले गए थे। यहां बरेली में रहने वाले युवक के हाथों बेच दिया था। बरेेली में किशोरी को बंधक बना लिया गया और देह व्यापार कराया गया। इसी दौरान किशोरी ने एक बच्ची को भी जन्म दिया।
कुछ दिन पहले किशोरी बच्ची को छोड़कर आरोपियों के चंगुल से भाग निकली। पीड़िता की मां ने बताया कि घटना की तहरीर शहर कोतवाली में दी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। सोमवार को एसपी को पूरी घटना से जानकारी दी। एसपी ने बताया कि मामले की जांच सदर कोतवाल को सौंपी गई है।