सौरिख। रम्पुरा गांव में मंगलवार को एक घर में बेटी का विवाह होना था। बरात के स्वागत की तैयारियां चल रही थी। इसी दौरान लाठियों व धारदार हथियारों से लैस दबंगों ने हमला कर दिया। मारपीट करते हुए लूटपाट की। मारपीट में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सौरिख थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव निवासी बशीर खां की बेटी की बरात मंगलवार को आ रही थी। घर में विवाह का जश्न मन रहा था। रिश्तेदार खाना खा रहे थे। परिवार के लोग बरात की अगवानी की तैयारियों में जुटे थे। तभी गांव के ही तीन-चार लोगों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस होकर घर में घुसकर हमला कर दिया।
इससे परिजनों और रिश्तेदारों में भगदड़ मच गई। परिजनों का आरोप है कि हमलावर दो चेन, एक अंगूठी, एक जोड़ी बाला और 10 हजार रुपये नदग लूटकर भाग गए। मारपीट में बशीर, सिराजुद्दीन, शोभाराम, रिश्तेदार शौकीन और महिला सोनी घायल हो गई। उधर, इस संबंध में क्षेत्राधिकारी शिव कुमार थापा ने बताया थाने में प्रार्थनापत्र मिला है, मामले की जांच की जा रही है।