तिर्वा। भाजपा की नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या व उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज की गई है। इनकी पुत्रवधू का फंदे पर शव लटका मिला था।
कोतवाली के कलुआपुर गांव निवासी भाजपा की नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य प्रेमा देवी के बेटे सुनील कुमार की पत्नी सोनी का शव मंगलवार शाम फंदे पर लटका मिला था। देर रात मौके पर पहुंचे सोनी के पिता इसाई टोला, प्रेमनगर, झांसी निवासी शिवकुमार राजपूत ने ससुरालवालों पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने कहा कि बेटी सोनी की शादी 28 अप्रैल 2017 को पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशवंत राजपूत के बेटे सुनील कुमार से की थी। शादी में सामर्थ्य के हिसाब से उपहार दिए थे। इससे बेटी के ससुराली खुश नहीं थे। यह लोग अतिरिक्त दहेज में कार की मांग को लेकर बेटी का उत्पीड़न करने लगे। मांग पूरी न होने पर पति सुनील, ससुर यशवंत, सास प्रेमा देवी, ननद रेखा ने हत्याकर फांसी पर लटका दिया।
घटना को लेकर कई लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास करते रहे। समझौता न होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य यशवंत राजपूत व इनके पुत्र सुनील को हिरासत में ले लिया है। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी की पुष्टि हुई है। सीओ दीपक दुबे का कहना है कि छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।