छिबरामऊ (कन्नौज)। जीजा के साथ तहसील से बाइक पर लौट रही महिला से लुटेरों ने जीटी रोड पर मोबाइल छीनने की कोशिश की। महिला ने मोबाइल नहीं छोड़ा तो चलती बाइक में लात मारकर गिरा दिया। इससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सौ शय्या अस्पताल में भर्ती कराया है।
मैनपुरी जिले के बेवर थाना क्षेत्र के ग्राम अमरपुर निवासी सुघर सिंह (55) सलहज सीरज (35) पत्नी कृष्ण मुरारी निवासी ग्राम हरीनगर सिकंदरपुर के साथ छिबरामऊ तहसील किसी काम से आए थे। यहां से हरीनगर लौट रहे थे। जीटी रोड पर सराय सुंदर गांव के सामने छिबरामऊ की तरफ से आ रहे अपाचे सवार दो लुटेरों ने सीरज के हाथ से मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
सीरज ने मोबाइल नहीं छोड़ा तो एक लुटेेरे ने सुघर सिंह की चलती बाइक में लात मार दी। इससे उनकी बाइक पलट गई। हेलमेट पहने होने की वजह से सुघर के सिर में चोटें नहीं आईं। दोनों लुटेरे सिकंदरपुर की तरफ भाग गए। सूचना पर पुलिस ने घायलों को सौ शैय्या अस्पताल ले आई। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।