तेराजाकेट। घर से सात हजार रुपये लेकर मोबाइल खरीदने निकले युवक को शव जीटी रोड किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। खून और गुप्तांग में सूजन होने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर मुकदमा दर्ज कराया है।
विशंभरपुर गांव निवासी राजेश कुमार 48 पुत्र चोखेलाल राजस्थान के पीलीबंगा हनुमानगढ़ भट्टे पर भाई व अन्य के साथ मजदूरी करता था। एक माह पहले सभी गांव लौटे थे। भाई बृजेश कुमार ने बताया कि राजेश शुक्रवार सुबह सात हजार रुपये लेकर चौराहा स्थित दुकान पर मोबाइल खरीदने के लिए घर से निकला था। शाम तक वापस घर न पहुंचने पर रिश्तेदारियों और परिचितों से फोन कर जानकारी की लेकिन पता नहीं चला।
शनिवार को घर से करीब तीन किमी दूर जीटी रोड किनारे एक गेस्ट हाउस के पास शव पड़ा देख गेस्ट हाउस संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जेब में मिले आधार कार्ड से शिनाख्त राजेश के रूपप में कर परिवार को सूचना दी। सीओ श्रीकांत प्रजापति भी मौके पर पहुंचे। मौके पर खून और गुप्तांग में सूजन होने से परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
भाई ने गुरसहायगंज कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिजनों का कहना है कि लूट के प्रयास में हत्या की गई है। कोतवाल राजा दिनेश सिंह ने बताया कि जेब से केवल 20 रुपये मिले हैं। मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। राजेश के परिवार में सुनीता, चार पुत्र व तीन पुत्रियां हैं।