छिबरामऊ। दीपकपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में शराब के नशे में धुत युवक ने जमकर उत्पात मचाया। रिसेप्शन पर बैठी कर्मी के साथ हाथापाई कर गोलक से रुपये निकाल लिए। वह तोड़फोड़ कर भाग गया। दूसरे पक्ष से भी महिला ने पुत्र व उसके साथ गाली गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
दीपकपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल के संचालक ने बताया कि गुरुवार को वह अपने अस्पताल में बैठे थे। तभी मोहल्ला जेरकिला निवासी एक युवक शराब के नशे में धुत्त होकर आया। उसके हाथ में चोट लगी थी। रिसेप्शन पर बैठी महिला कर्मी ने उससे पर्चा बनवाने के लिए। पर्चा बनवाने के बाद महिला कर्मी ने उससे सौ रुपये मांगे तो उसने गाली गलौज कर हाथापाई कर दी। गोलक में रखे 1600 रुपये निकाल लिए। इसके बाद भाग गया। कुछ देर बाद अपनी मां व पिता के साथ आया। गाली गलौज करते हुए तोड़फोड़ कर दी। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे पक्ष ने बताया कि वह अपने पुत्र के हाथ में लगी चोट पर पट्टी कराने के लिए अस्पताल गई थी। यहां पैसों के विवाद को लेकर उसके साथ गाली गलौज और मारपीट कर दी गई। इस संबंध में कोतवाल शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। जांच करवाई जा रही है।