उमर्दा(कन्नौज)। कार बुक करवा लखनऊ जाने की बात कहकर दो बदमाशों ने चालक को बीच रास्ते में मारपीट कर उतार दिया और कार व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे एएसपी व सीओ ने घटनास्थल की जांच कर चालक से पूछताछ की।
बुलंदशहर निवासी हिमांशु भटनागर की स्विफ्ट डिजायर कार को वहीं के फूटा दरवाजा निवासी मोनू पुत्र रोहिताश चलाता है। मोनू के अनुसार, मंगलवार को दो युवक लखनऊ जाने के लिए उसकी कार बुक करवा निकले। रात करीब दो बजे इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के बढनपुर वीरहार गांव के समीप दोनों ने चालक मोनू से मारपीट कर तमंचे के बल पर उसे नीचे उतार दिया और कार व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। मोनू ने बताया कि वह दोनों एक-दूसरे को चाचा-भतीजे कहकर बात कर रहे थे। रात में एटा के एक ढाबे में उन लोगों ने खाना खाया था। जसोदा के पास पहुंचकर कार सवार एक युवक ने उससे कार यह कहकर ले ली कि तुम थक गए होगे, लाओ हम चलाते हैं। चालक ने उसे कार सौंप दी। वह लखनऊ न जाकर इंदरगढ़ ले आए, जहां उसके साथ मारपीट कर उसे उतार दिया और कार लेकर भाग निकला। वहीं, मौके पर एएसपी विनोद कुमार, सीओ सुबोध कुमार व थानाध्यक्ष सुजीत वर्मा ने पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और चालक से घटना की जानकारी हासिल की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जांच में पता चला है कि दोनों बदमाशों ने तीन माह पहले भी हिमांशु की कार बुक की थी लेकिन तब कैंसल कर दिया था। दोनों युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
कार लूट की घटना होने के बाद चालक मोनू उमर्दा कस्बे आया जहां पर उसे एक ट्रक बेला की ओर जाने के लिए मिला। ट्रक से वह बेला थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बेला पुलिस ने घटना तिर्वा थानाक्षेत्र की बताकर भेज दिया। तिर्वा पहुंचे चालक ने पुलिस को सारे प्रकरण की जानकारी दी तो तिर्वा पुलिस ने उसे उमर्दा चौकी भेज दिया। उमर्दा चौकी में पहुंचकर उसने घटना की जानकारी दी तो कार्रवाई शुरू हुई।