कन्नौज। परिजनों के खेतों में आलू खुदाई करने जाने के बाद दो बहनें घर से गायब हो गईं। मां की तहरीर पर पुलिस ने फर्रुखाबाद जिले में रहने वाले दो भाइयों के खिलाफ बहला-फुसला कर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इनमें बड़ी बहन की उम्र 17 और छोटी की 10 साल है।
सदर कोतवाली के एक गांव में रहने वाली महिला ने सोमवार को सुरजीत और विकास (निवासी हैवतपुर गढ़िया, जिला फर्रुखाबाद) के खिलाफ दो बेटियों को बहला-फुसला कर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि रविवार को वह दोनों बेटियों को घर पर छोड़कर खेत में आलू खुदाई करने गई थीं। शाम को घर लौटीं तो दोनों गायब थीं। पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान पता चला कि सुरजीत और विकास बाइक से बेटियों को ले गए। सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है। जल्द तलाश कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।