कन्नौज। शहर के तिर्वा क्रासिंग पर सीट बेल्ट न लगाने पर ट्रैफिक पुलिस ने पिकअप चालक का चालान कर दिया। चालक की प्रेमिका ने सिपाहियों से अभद्रता कर हंगामा किया। चालक ने भी ट्रैफिक पुलिस पर पिकअप चढ़ाने की कोशिश की। कोतवाली पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
तिर्वा कोतवाली के बेहरिन गांव निवासी युवक बुधवार सुबह करीब 11 बजे पिकअप लेकर कानपुर की तरफ जा रहा था। सीट बेल्ट न लगाए होने पर ट्रैफिक पुलिस ने एक हजार रुपये का चालान काट दिया। इस दौरान चालक ने फोन कर प्रेमिका को बुला लिया। मौके पर पहुंची प्रेमिका ने जमकर हंगामा किया और सिपाहियों से अभद्रता की।
चालक ने ट्रैफिक पुलिस टीम पर तेज रफ्तार में पिकअप चढ़ाने की भी कोशिश की। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सिपाहियों की तरफ से तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।