कन्नौज। प्रॉपर्टी डीलर को धमकाकर रंगदारी मांगने के आरोप में सपा नेता पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी प्रॉपर्टी डीलर रंगदारी मांगने और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज करा चुका है।
सदर कोतवाली के जलालपुर सरवन गांव निवासी नाजिम खां प्रॉपर्टी डीलर हैं। रविवार को उसने गांव में रहने वाले सपा नेता हारुन उर्फ कल्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि 22 जून को वह गांव के बाहर बैठा था। इस दौरान हारुन ने धमका कर रंगदारी मांगी। रुपये न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इससे पहले भी हारुन रंगदारी मांग चुका है। उसने सदर कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पूर्व सदर विधायक अनिल दोहरे ने बताया कि हारुन करीब पांच साल पूर्व पार्टी के जिला उपाध्यक्ष थे। मौजूदा समय उनके पास कोई पद नहीं है। सीओ सदर शिव प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।