कन्नौज। बैंक में रुपये जमा करने के लिए निकली महिला मंगलवार को लापता हो गई। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को महिला रेलवे स्टेशन पर बेहोश मिली। आरपीएफ में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
शहर के एक मोहल्ले में रहने वाले पेंटर की 38 वर्षीय पत्नी मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा में 25 हजार रुपये जमा करने के लिए घर से निकली थी। इसके बाद से वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चल सका। रात होने पर परिजनों को चिंता हुई और सदर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। इधर, बुधवार सुबह करीब पांच बजे रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों ने बेहोशी की हालत में महिला को देखा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने महिला की पहचान की। आरपीएफ थाना प्रभारी ओपी मीणा ने बताया कि महिला बोलने में असमर्थ है उसका उपचार चल रही है। सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई है। (संवाद)