तालग्राम। बिजली का बिल जमा करने के नाम पर उपभोक्ता से पचास हजार रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। उपभोक्ता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ताहपुर गांव निवासी सुरेंद्र ने तहरीर में बताया कि गढ़िया निवासी सुग्रीव खुद को बिजली विभाग में मीटर रीडर बताता था। सुरेंद्र का बिजली का बिल बाकी था। इस पर सुग्रीव ने सुरेंद्र को बकाये में छूट दिलाने का भरोसा दिलाया। बिल जमा करने के लिए 50,420 रुपये ले लिए। काफी दिनों तक रसीद सुरेंद्र को नहीं मिली तो उसने सुग्रीव से पूछताछ की और रुपये वापस मांगे। सुग्रीव हीलाहवाली करता रहा। आरोप है कि 18 जून को सुग्रीव भाई अहिबरन उर्फ अवनीश, अखिलेश और दो अज्ञात लोगों के साथ कार से गांव आया। सुरेंद्र के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट की। दोबारा रुपये मांगने पर धमकी दी। थाना प्रभारी हरिश्याम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। (संवाद)