कन्नौज। शहर के सरायमीरा जीटी रोड स्थित नर्सिंग होम मालिक ने कर्मचारियों के साथ पैथोलॉजी संचालक को पीट दिया। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल ने लूटपाट का भी आरोप लगाया है।
शहर के मोहल्ला कानून गोयान निवासी श्याम किशोर राठौर ने मंगलवार को सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि जीटी रोड सरायमीरा में संचालित नर्सिंग होम में उसने नीलेश कुमार के साथ पार्टनरशिप में पैथोलॉजी खोल रखी थी। नर्सिंग होम मालिक पर कमीशन का डेढ़ लाख रुपये बकाया था।
भुगतान मांगने पर नर्सिंग होम मालिक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर सोमवार रात करीब 11 बजे उसे पीट दिया। इस दौरान सोने की चेन और अंगूठी भी छीन ली। सदर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि घायल श्याम किशोर की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।