कन्नौज। शहर के पाल चौराहा स्थित देशी शराब ठेके से शातिर चोर ने 40 हजार की नकदी पार कर दी। सीसीटीवी कैमरे में युवक चोरी करते हुए कैद हुआ है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश शुरू की है।
सदर कोतवाली के गंगधरापुर निवासी संजीव कुमार तिवारी का पाल चौराहे पर देशी शराब का ठेका है। सहिल्यापुर निवासी राजेश बाथम सेल्समैन ठेके पर ही ठहरता है। शनिवार सुबह करीब तीन बजे वह शौचक्रिया करने चला गया था। इस दौरान ग्रील तोड़कर एक चोर ने गोलक में रखे 40 हजार रुपये पार कर दिए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। संजीव कुमार तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।