सौरिख। खेत पर खाना ले जा रही युवती के साथ दबंगों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। बचाने आई बहनों को भी पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान दबंग युवती के गले में पड़ी जंजीर भी तोड़ ले गए। बाद में दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई।
ग्राम ऐराहो निवासी प्रतिमा दोपहर को खाना लेकर खेत पर जा रही थी। इसी दौरान गांव के कुकी, नवाब सिंह, श्याम सिंह व श्याम सुंदर ने गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चीख पुकार सुनकर छोटी बहन नेहा व प्रीती ने बचाने का प्रयास किया। इन दोनों को भी बेरहमी से पीटा। विवाद में प्रतिमा के सिर पर चोट आई। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक उसके गले में पड़ी सोने की जंजीर भी तोड़ ले गए। बाद में दोनों पक्षों एकत्रित हो गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट पत्थर चले। पथराव से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। जंजीर लूटने का आरोप निराधार है। कार्रवाई की जा रही है।