कन्नौज। जिला जेल अनौगी में बंदी की मौत के मामले में सोमवार को परिजनों ने जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाकर जिला मुख्यालय में हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। डीएम के आदेश पर पैनल से पोस्टमार्टम हुआ। इसमें मौत की वजह आत्महत्या सामने आई है। जेल में बंदी और कैदियों ने भी हंगामा किया।
जिला जेल में इंदरगढ़ थाना के एक गांव निवासी दुष्कर्म के आरोपी बंदी का रविवार शाम को बैरक संख्या 18 एवं 19 के पीछे पानी के पाइप पर फंदे से लटका शव मिला था। घटना के दूसरे दिन सोमवार को परिजनों ने कलक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
इसके बाद सदर कोतवाली में ले जाकर एसडीएम उमाकांत तिवारी, सीओ शिव प्रताप सिंह ने परिजनों से वार्ता कर शांत कराया। डीएम राकेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एसीएमओ डॉक्टर गीतम सिंह और डॉक्ट रविंद्र कुमार ने बंदी के शव का पोस्टमार्टम किया। इस दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बंदी की मौत की वजह हैंगिंग आई है।
वहीं बंदी की मौत से आक्रोशित जेल में अन्य बंदी-कैदियों ने हंगामा किया। जेल अधीक्षक विष्णुकांत मिश्रा ने किसी तरह आक्रोशित बंदी-कैदियों को शांत कराया।