गुरसहायगंज। कस्बे में प्रधान के घर को चोरों ने निशाना बनाया। ताला तोड़कर चोरों ने अलमारी में रखे करीब पांच लाख के जेवर और ढाई लाख की नकदी पार कर दी। रविवार सुबह होने पर घर पहुंचे प्रधान ने जब चोरी देखी तो होश उड़ गए। वारदात के दौरान घर पर कोई भी मौजूद नहीं था।
तालग्राम ब्लाक के ग्राम गोवा के प्रधान सर्वेश सिंह भदौरिया कस्बे के मोहल्ला रामगंज में एक मकान में किराये पर रहते हैं। वे रामगंज स्थित एक नर्सिंग होम में मैनेजर भी हैं। शनिवार को पत्नी और बच्चे ग्राम गोवा में गए थे। घर किसी के न होने पर प्रधान सर्वेश भदौरिया नर्सिंग होम में ही सो गए थे। चोरों ने इसका फायदा उठाया और घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हो गए। अलमारी का लॉक तोड़कर अंदर रखे करीब पांच लाख कीमत के जेवर और ढाई लाख की नकदी पार कर दी। वारदात के दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर मशीन व एलईडी भी तोड़कर नष्ट कर दी। रविवार सुबह प्रधान जब नर्सिंग होम से घर पहुंचे तो उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। नीचे और ऊपर बने कमरों में सामान अस्त-व्यस्त फैला होने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि जल्द चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।