कन्नौज। रंगदारी मांगने और हत्या का प्रयास मामले में पुलिस ने सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हारून उर्फ कल्लू नेता को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को पुलिस ने आरोपी सपा नेता को न्यायालय में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में उसके एक साथी की तलश की जा रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर सरमन गांव निवासी प्रापर्टी डीलर मोहम्मद कासिम खां ने 30 दिसंबर 2021 को सपा नेता हारुन उर्फ कल्लू नेता और उनके एक साथी के खिलाफ रंगदारी मांगने और हत्या का प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उसके पास काफी पैतृक जमीन है। इससे वह प्लाटिंग करके डमीन बेच रहे हैं। वह प्रापर्टी डीलिंग का भी काम करते हैं। वर्ष 2015 में सपा नेता ने जिला पंचायत सदस्य चुनाव में दो लाख की रंगदारी ली थी। इसके बाद प्रधान पद के चुनाव के लिए डेढ़ लाख रुपये ले लिए थे। इसके बाद भी वह कई बार रंगदारी मांग रहे हैं। विरोध करने पर 28 दिसंबर 2021 को एक साथी के साथ उसकी हत्या करने के मकसद से फायर कर दिया था। शनिवार को पुलिस ने हारुन उर्फ कल्लू नेता को गिरफ्तार कर लिया। सदर विधायक अनिल दोहरे ने बताया कि हारुन उर्फ कल्लू नेता सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष है। सदर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि हारुन उर्फ कल्लू के साथी की तलाश की जा रही है।