तालग्राम। विवाहिता के अंतिम संस्कार को लेकर ससुराल और मायके पक्ष के लोग भिड़ गए। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराली जनों को अंतिम संस्कार नहीं करने दिया। नाराज पिता और भाई शव को लेकर शाम को थाने पहुंच गए। पति समेत आठ लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाने क्षेत्र के कुशलपुर्वा में स्वाति ने शनिवार शाम को फांसी लगा थी। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए मेहंदी गंगा घाट कन्नौज ले जाया गया। यहां ससुराल और मायके पक्ष के लोग अंतिम संस्कार करने को लेकर आपस में भिड़ गए।
दोनों पक्षों में मारपीट भी हो गई। इसके बाद स्वाती का शव लेकर मायके पक्ष के लोग तालग्राम थाने पहुंचे। मैनपुरी थाना किशनी नगला करनाई निवासी सुरेद्रसिंह ने पुत्री के कुशलपुर्वा निवासी पति अंकित पाल, ननद अंजू, जेठ नरेंद्र जेठानी अंजू, ससुर इंद्रेशपाल, चचिया ससुर सुरेशचंद्र, देवर अरुण और सास अज्ञात के खिलाफ दहेज उत्पीड़न हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। जांच की जा रही है।