तिर्वा (कन्नौज)। मरने की गलत सूचना देने का शक होने पर एक युवक ने अपने ससुराल वालों संग मोहल्ले के शंभूदयाल को पीट दिया। गंभीर हालत में उनकी शनिवार देर रात मौत हो गई। परिजनों ने कोतवाली गेट पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोतीपुर्वा गांव में रहने वाले मुन्नीलाल के बेटे शंभू दयाल(45) की शनिवार को तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले आए। देर रात डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत का समाचार सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव ट्रैक्टर पर रखकर कोतवाली गेट पहुंच गए। हंगामा करते हुए कहा कि शंभू दयाल की मौत पिटाई से हुई है। परिजनों ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले एक युवक की ससुराल में किसी ने मरने की सूचना दे दी थी। जब ससुराल के लोग आए तो पता चला कि वह जिंदा है। इसके बाद गलत सूचना देने का शक करते हुए पड़ोसी ने ससुराल वालों के साथ मिलकर शंभू दयाल को दो दिन पहले पीट दिया था।
शनिवार शंभू दयाल की हालत ज्यादा बिगड़ी तो परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। देर रात शंभू दयाल ने दम तोड़ दिया। हंगामा करते देख जुटी पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर परिजनों को शांत किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ दीपक दुबे के कहना है कि कोतवाल शैलेंद्र मिश्र से कहा गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यदि पिटाई के साक्ष्य आते हैं तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करें।
==============================