कन्नौज स्टेशन पर खड़ी ट्रेन में छानबीन करती पुलिस। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। खुफिया विभाग से कानपुर-कासगंज एक्सप्रेस में संदिग्ध व्यक्तियों के सफर करने की जानकारी पर आरपीएफ के साथ पुलिस महकमा अलर्ट हो गया। डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंची टीमों ने ट्रेन के ठहरते ही सभी बोगियों की तलाशी ली। कोई संदिग्ध व्यक्ति व सामान न मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
गुरुवार को पुलिस अधिकारियों को खुफिया विभाग से सूचना मिली कि कानपुर अनवरगंज से कासगंज जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के सफर करने की सूचना मिली। इस पर एएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में सरायमीरा चौकी प्रभारी अवनेश कुमार, एलआई टीम, आरपीएफ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार और डॉग स्क्वॉड टीम अलर्ट हो गई। ठीक एक बजे स्टेशन पर ट्रेन के ठहरते ही सभी बोगियों में पुलिस टीमों ने खोजबीन शुरू कर दी। संदिग्ध यात्रियों की तलाशी के साथ पूछताछ की गई।
सवारियों के झोलों और बक्सों को खुलवा कर चेक किया। करीब आधा घंटे तक चली छानबीन के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि आला अधिकारियों के निर्देश पर संदिग्धों की तलाश में ट्रेन खंगाली गई है।