अनौगी जेल में बंद आरोपियों से मिलने के बाद बाहर खड़े सांसद सुब्रत पाठक व अन्य। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। तालग्राम बवाल में जेल भेजे गए 17 लोगों में से कुछ लोगों से मंगलवार को कन्नौज के सांसद सुब्रत पाठक ने अनौगी स्थित जिला कारागार में मुुुलाकात की। इसके अलावा सांसद के नेतृत्व में विधायक और पार्टी जिलाध्यक्ष ने डीएम से भी मुलाकात कर पूरे प्रकरण में की गई कार्रवाई को लेकर जानकारी ली।
तालग्राम में शनिवार को हुए बवाल में जेल भेजे गए 17 लोगों में से आठ के हिंदू वादी संगठन के होने का दावा कर कुछ लोगों ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय के बाहर हनुमान चालीस का पाठ किया था। इसके बाद मामला तूूल पकड़ गया। हिंदूवादी संगठन के सदस्य बताए जा रहे आरोपियों से सांसद सुब्रत पाठक ने मंगलवार को अनौगी में स्थित जिला जेल पहुंचकर मुलाकात की। सांसद ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों का दावा है कि वे लोग मौके पर नहीं थे, लेकिन फिर भी उन्हें घटना में शामिल बताकर जेल भेज दिया गया। इस पर सांसद ने इन लोगों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। इसके बाद सांसद ने डीएम एसके शुक्ला से भी एनआईसी परिसर में मुलाकात की। तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत , भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, जिला महामंत्री सौरभ कटियार, पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद सिंह और जीतू तिवारी की मौजूदगी में सांसद ने डीएम से पूरे प्रकरण की जानकारी ली। सांसद ने बताया कि डीएम को अवगत कराया गया है कि जेल भेजे गए लोगों ने खुद के मौके पर न होने की बात कही है। इस पर डीएम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी होने की बात सांसद से कही है।