कन्नौज। इत्र कारोबारी संजय गुप्ता उर्फ बबुआ के प्रतिष्ठानों पर जीएसटी की स्पेशल इंवेस्टीगेशन ब्रांच (एसआईबी) ने नौ घंटे तक जांच की। अफसरों का दावा है कि संजय गुप्ता की कंपनियाें से पान मसाला बनाने वाली दिल्ली की दो कंपनियों को तीन सालों से कंपाउंड की बिक्री कर टैक्स चोरी की जा रही थी। टीम संजय गुप्ता की दो फर्मों के अभिलेख भी साथ ले गई है।
शहर के कचहरी टोला निवासी इत्र कारोबारी संजय गुप्ता के इत्र कारखाना, आवास और कोल्ड स्टोर में गुरुवार दोपहर करीब दो बजे स्टेट जीएसटी इटावा के ज्वाइंट कमिश्नर हरिलाल प्रजापति ने टीम के साथ छापा मारा था। टीम ने रात करीब 10 बजे तक कार्रवाई की।
ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि जांच के दौरान हेराफेरी कर 83 लाख रुपये की टैक्स चोरी सामने आई। संजय गुप्ता की फर्म फ्लावर परफ्यूम मैन्युफैक्चरिंग का करीब चार करोड़ रुपये और केबी फ्रैगनेंस का करीब छह करोड़ रुपये का सालाना कारोबार पाया गया।
फर्मों से दिल्ली की दो पान मसाला कंपनियों को टैक्स चोरी कर 83 लाख 40 हजार का कंपाउंड बेचा गया। टीम अपने साथ स्टाक रजिस्टर, ऑर्डर बुक सहित कई अभिलेख ले गई है। ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि टैक्स चोरी करने में संजय गुप्ता पर 30 लाख दो हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसे अदा न करने पर समन भेजा जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।