कन्नौज। स्टेट जीएसटी की स्पेशल इंवेस्टिगेशन ब्रांच (एसआईबी) इटावा ने इत्र कारोबारी संजय गुप्ता उर्फ बउआ के ठिकानों पर गुरुवार को छापा मारा। टीम ने उनके आवास, इत्र कारखाने और कोल्ड स्टोर में दस्तावेजों, कंप्यूटरों की जांच की। मुनीमों से पूछताछ की। दो फर्मों में 83 लाख 40 हजार रुपये के टैक्स की हेराफेरी पकड़ी गई है। टीम ने कारोबारी पर 30 लाख दो हजार रुपये का जुर्माना किया है। कार्रवाई के दौरान संजय और उनके पुत्र अर्पित शहर से बाहर थे। इन्हें बुलाया गया है।
शहर के कचहरी टोला निवासी संजय गुप्ता की केबी अरोमा और फ्लावर परफ्यूमर मैन्युफैक्चरिंग के नाम से फर्में हैं। दोनों फर्मों से देश-विदेश में कारोबार होता है। गुरुवार दोपहर स्टेट जीएसटी की एसआईबी इटावा के ज्वाइंट कमिश्नर हरिलाल प्रजापति ने टीम के साथ संजय के आवासीय परिसर पर छापा डाला। उनके साथ जीएसटी औरैया और कन्नौज की टीम भी थी।
टीमों ने संजय के आवास और जीटी रोड स्थित कैलाश कोल्ड स्टोर में दस्तावेजों, कंप्यूटरों को चेक किया। इत्र एसेंशियल ऑयल, इत्र कंपाउंड, जड़ी-बूटी की ऑर्डर बुक, स्टॉक, सप्लाई रजिस्टरों का मिलान किया। ज्वाइंट कमिश्नर हरिराम प्रजापति ने बताया कि फर्जी बिल बनाकर कारोबारी कम दामों पर कीमती ऑयल, कंपाउंड और इत्र की बिक्री कर टैक्स चोरी कर रहे हैं। साक्ष्य जुटाने के बाद टीम ने कार्रवाई की है। दो फर्मों में एक का टर्नओवर 6 करोड़ और दूसरी का चार करोड़ रुपये सालाना है।
उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में 83 लाख 40 हजार रुपये की हेराफेरी सामने आई है। 30 लाख दो हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। तीन दिन के अंदर जुर्माने की रकम जमा करनी होगी। कुछ अभिलेख कब्जे में लेकर जांच आगे भी जारी रहे।
कन्नौज : इत्र कारोबारी संजय गुप्ता। संवाद- फोटो : KANNAUJ