कन्नौज। मवेशी चराने गए पशु पालक के अपहरण का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं ने बेरहमी से पीटकर पशु पालक को घायल कर दिया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सदर कोतवाली के भिम्मापुरवा गांव निवासी किसान राम नारायण ने गुरुवार को महादेवा कटरी निवासी लाल सिंह, रामचंद्र, संतराम, बिन्ना और पप्पू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि बुधवार को उसका भाई राम सुरेश मवेशियों को चराने गया था। रंजिश के चलते असलहों के बल पर आरोपियों ने उसके भाई का अपहरण कर लिया। इसके बाद बेरहमी से पीटा।कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि पशुपालक की आरोपियों ने पिटाई की है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अपहरण का आरोप गलत है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)