रसूलाबाद में शिव मंदिर के बाहर तैनात पुलिस बल। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तालग्राम (कन्नौज)। तालग्राम के रसूलाबाद गांव में हुए बवाल के आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस ने फर्रुखाबाद के जहानगंज क्षेत्र के दो गांवों में दबिश दी। दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस कर्मियों की 15 सदस्यीय टीम सार्वजनिक स्थलों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज जांच रही है।
बीते शनिवार को तालग्राम में हुए बवाल के बाद अब शांति है, लेकिन पुलिस अभी भी कस्बे पर नजर बनाए हुए है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बुधवार को वायरलेस पर पूर्व में बनाए गए सेक्टर और जोन के प्रभारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने की नसीहत दी। उधर, दूसरी ओर रसूलाबाद में स्थित शिव मंदिर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। यहां खंड विकास अधिकारी अमित कुमार के अलावा एक निरीक्षक, दो उप निरीक्षक, सात सिपाही और एक सेक्शन पीएसी तैनात है।
पुलिस महकमे से जुड़े सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने 17 संदिग्ध लोगों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया है। इन्हीं में से एक व्यक्ति की लोकेशन फर्रुखाबाद के जहानगंज थाना क्षेत्र के दो गांवों में मिली थी। पुलिस टीम जिस शख्स की तलाश में गई थी वह हत्थे नहीं चढ़ा, लेकिन दो संदिग्ध लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पेट्रोल पंपों पर लगे कैमरे खंगाले
एसपी कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर बुधवार को तालग्राम में सार्वजनिक स्थलों के अलावा पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इससे पहले मंगलवार को भी शराब ठेकों समेत कई स्थानों पर लगे कैमरों के फुटेज खंगाले गए थे।
जल्द देंगे परिणाम: एसपी
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने अमर उजाला को बताया कि अलग-अलग टीमें घटना की तह तक जाने के लिए लगाई गईं हैं। जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर दिया जाएगा। एसपी ने कहा कि जल्द ही पूरी मेहनत का परिणाम सामने आएगा।