तालग्राम। सड़क किनारे बाइक के पास खड़े किसान को टक्कर मार सवारियों से भरा अनियंत्रित ऑटो खाई में पलट गया। हादसे में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को छिबरामऊ के सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
हिमंतनगला गांव निवासी ब्रजेश कुमार (32) खेती करते हैं। मंगलवार की देर शाम छिबरामऊ-तालग्राम मार्ग पर रनवा मोड़ के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर उसके पास ही खड़े थे। इसी दौरान उधर से गुजरे आटो ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद आटो पलट गया। घटना में आटो चालक सिलुआपुर निवासी मुश्ताक खां (40) के साथ ही आटो पर सवार मोहम्मद शरीफ मोहम्मद शरीफ (25), प्रेमचंद्र कठेरिया (35) और सुभाष चंद्र कठेरिया (32) भी घायल हो गए। बाइक सवार ब्रजेश को भी गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सौ शैया अस्पताल छिबरामऊ भेजा। यहां से ब्रजेश और मुश्ताक को तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।