तालग्राम (कन्नौज)। थाना क्षेत्र के अंदौआ गांव के पास ओवरटेक करने के प्रयास में कार आगे जा रहे ट्रक में घुस गई। कार सवार तीन नेपाली युवक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में भर्ती कराया गया है।
असम के जनपद उदालबुरा के पानेरी थाने के गांव नुन्नईखुरी निवासी पंकज (44) टैक्सी चलाता है। वे नेपाल से भारत घूमने आए जिला नारायणी, थाना परसा, चितुन गांव निवासी सुदर्शन गिगेरे (21), जिला सेन्जा के थाना सेन्जा गुगारदी निवासी नौबिन (28) और जिला वासकी, थाना कोखरा के कस्बा कोखरा निवासी बिष्णु थापा (30) को लेकर असम से दिल्ली जा रहा था। रविवार को तड़के लगभग पांच बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तालग्राम के अंदौआ गांव के पास कार ओवरटेक करते समय आगे चल रहे ट्रक में घुस गई। हादसे में चालक और तीनों नेपाली युवक घायल हो गए। जानकारी पर यूपीडा के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल भेजकर, रोड से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया।