हसेरन। घर से किसी कार्य से निकले युवक की बाइक सामने आए जानवर से बचने के प्रयास में बिजली के खंभे से टकरा गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
कस्बा हसेरन निवासी सचिन यादव (21) पुत्र दिनेश उर्फ पप्पू यादव मूल रूप से आदमपुर उम्मेद गांव का रहने वाला था। मंगलवार को सचिन बाइक लेकर किसी आवश्यक कार्य से कुंडे पुरवा जा रहा था। हसेरन पट्टी रोड स्थित भारतीय जनता इंटर कॉलेज के पास सामने अचानक भैंस आ गई। इससे बचने के प्रयास में सचिन की बाइक सड़क के किनारे खड़े बिजली के पोल से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे में सचिन का सर सीधे पोल से टकराया था, जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे पहचान लिया और हादसे की सूचना परिजनों को दी। परिजन उसे सीएचसी हसेरन ले गए, यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सचिन की मौत की जानकारी होते ही परिजनों मे कोहराम मच गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सचिन विजय विद्रोही डिग्री कालेज का छात्र था। घर के पास ही कंप्यूटर सिस्टम लगाकर अपनी पढ़ाई का खर्चा उठा रहा था।