तिर्वा। क्षेत्र के अहेर गांव में फाल्ट होने से हाईटेंशन लाइन टूटकर सबमर्सिबल नलकूप पर गिर गई। इससे पानी भर रहीं तीन महिलाएं करंट की चपेट में आकर झुलस गईं। तीनों महिलाओं को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एक महिला की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर कर दिया गया।
कोतवाली क्षेत्र के अहेर गांव में शुक्रवार शाम करीब चार बजे सरकारी सबमर्सिबल पर करीब तीन बजे संजू (32) पत्नी पिंटू, शाबरीन (21) पत्नी शाहरुख और जनपद कानपुर नगर के थाना रसूलाबाद क्षेत्र के सैन गांव निवासी शाहरुख की साली शबीना पानी भर रही थी।
इस दौरान ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन में फाल्ट हुआ। लाइन टूटकर सबमर्सिबल पर गिर गई। इससे करंट की चपेट में आकर तीनों महिलाएं झुलस गईं। परिजनों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। संजू की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।