तालग्राम (कन्नौज) । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने यूपीडा के संविदा कर्मी को रौंद दिया। कर्मी की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कर्मी एक्सप्रेसवे पर कुछ देर पहले हुए हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक को क्रेन पर लदवा रहा था। तभी हादसा हो गया। हादसे में घायल दो युवकों को मेडिकल कालेज से कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
कन्नौज कोतवाली क्षेत्र के गदनपुर मकरंदनगर निवासी विशाल (30) पुत्र राम सिंह अपनी बुलेट बाइक से गुरुवार रात करीब आठ बजे मैनपुरी से घर लौट रहे थे। तालग्राम के गोवा और बिरियाहार गांव के बीच एक्सप्रेसवे पर सकरैनी गांव निवासी संदीप (20) पुत्र लक्ष्मण सिंह सेना भर्ती की तैयारी के चलते दौड़ लगा रहा था। वह विशाल की बाइक से टकरा गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। यूपीडा और एफकॉन की टीम ने एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कालेज भेज दिया। यहां से इन्हें कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
उधर, हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर पड़ी बाइक को बहादुरपुर तिर्वा निवासी गोविंद (28) क्रेन पर लदवाने लगे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। इनकी मौके पर मौत हो गई। चौकी प्रभारी सुभाषचंद्र ने शव को मेडिकल कालेज तिर्वा भेज दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर राजा दिनेश सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रक का पीछा कर पकड़ लिया गया है।