कासिमपुर गांव की पुलिया दो जगह से क्षतिग्रस्त।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बीते सप्ताह हुई बारिश से कई गांवों को जोड़ने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगली बार फिर यदि ऐसी ही बारिश हो गई तो यह पुलिया टूट जाएगी और गांव आने का संपर्क मार्ग भी टूट जाएगा।
कटरी के क्षेत्र का गांव कासिमपुर, बख्शीपुर्वा बरसात के मौसम में बाढ़ आने पर डूब जाते हैं। गांव के अंदर जाने के लिए पिछले वर्ष जीटी रोड से गांव के अंदर तक एक सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। इसी जीटी रोड से उतरते ही पुलिया का निर्माण किया गया था। पिछली बारिश में बाढ़ आने के बाद यह गांव करीब 20 दिनों तक जलमग्न रहा था। ऐसे में पुलिया क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीण राजेश, सुरेश, रूपवती, रामनरेश आदि ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की मरम्मत करा दी जाए। ग्रामीणाें ने बताया कि सीसी रोड में सही मैटेरियल का इस्तेमाल नहीं किया गया है। इसकी शिकायत भी ग्रामीणाें ने पिछले वर्ष जिले के आला-अधिकारियों से की लेकिन कुछ नही हुआ।
ग्रामीणों ने बताया रोड के दोनों ओर नाली का निर्माण नहीं किया गया है। घरों के सामने नाली का गंदा पानी भरा रहता है। ग्रामीणाें ने डीएम से जांच कर संबंधित कार्यदायी संस्था व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सदर एसडीएम डा. अरुण कुमार सिंह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है, जांच कराकर पुलिया की क्षतिग्रस्त हालत को भी दिखवाया जाएगा।