कन्नौज। जिला कारागार की चारदीवारी के अंदर सब्जियों की खेती होगी और हरे चारे की बोआई की जाएगी। साथ ही गोशाला खोली जाएगी। ताकि बंदियों और जेल कर्मियों को ताजा दूध मिल सकेगा। जिला कारागार के निरीक्षण को शुक्रवार को पहुंचे डीएम ने जेल अधीक्षक को इस बारे में निर्देश दिए। वहीं, एसपी ने जेल के अंदर प्रतिबंधित सामग्री को न ले जाने की सख्त हिदायत दी।
डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री व एसपी विनोद कुमार ने बंदियों से वार्ता कर उनकी मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। जेल अधीक्षक से कहा कि परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर पाए, इसके लिए सतर्कता बरती जाए। साफ-सफाई, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। डीएम ने निर्देश दिए कि बंदियों को उपलब्ध कराई जाने वाली भोजन एवं चिकित्सा सुविधाओं की नियमित रूप से निगरानी की जाए।
डीएम व एसपी ने कहा कि कारागार एक सुधार गृह है, इसलिए यहां निरुद्ध बंदियों को सुधार की दिशा में प्रेरित करने के लिए सकारात्मक गतिविधियों एवं परामर्श कार्यक्रमों का संचालन किया जाना चाहिए। डीएम व एसपी ने सभी बैरकों तथा बंदियों एवं उनके स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। जेल अधीक्षक भीमसेन मुकुंद ने बताया कि नियमित रूप से उनके व जेल स्टाफ द्वारा जेल की चेकिंग की जाती है।