कन्नौज। लॉकडाउन के चलते 43 दिन बाद शुक्रवार से जिला एवं सत्र न्यायालय में न्यायिक कार्य शुरू होने जा रहे हैं। हाईकोर्ट के निर्देश पर अति महत्वपूर्ण फौजदारी, अग्रिम और अंतरिम जमानत के फैसले होंगे। इसके अलावा कोर्ट में एक वर्चुअल कोर्ट की भी स्थापना की गई है। यहां अधिवक्ताओं को प्रार्थना पत्र देने के साथ मामलों की जानकारी करनी होगी। इसके अलावा न्यायालय संबंधी मामलों की जानकारी के लिए 05694-237633 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
जिला जज मुशीर अहमद अब्बासी के निर्देश पर गुरुवार को न्यायालय परिसर में साफ-सफाई हुई। सभी कोर्ट और परिसर को सैनिटाइज किया गया। सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक अति महत्वपूर्ण फौजीदारी, अग्रिम और अंतरिम जमानतों और लंबित मामलों के फैसले होंगे।
कोरोना वायरस के चलते कोर्ट में जिला जज के आदेश पर वर्चुअल कोर्ट की स्थापना की गई है। इस कोर्ट में अधिवक्ता लिखित प्रार्थना पत्र देने के साथ न्यायिक मामलों की जानकारी कर सकेंगे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष अधिवक्ता रामभजन पाल ने बताया कि कोर्ट में थर्मल स्क्रीनिंग, अधिवक्ताओं के वाहन पास की मांग की है।