थाना क्षेत्र के अकरमाबाद गांव के पास अंतरजातीय प्रेम विवाह करने वाले प्रेमी युगल को एक समुदाय के लोगों ने बस से खींचकर मारपीट की। इस दौरान पास में ही भागवत कथा सुन रहे ग्रामीणों ने दोनों की जान बचाई। एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई है।
कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद के परेरा रामपुर गांव निवासी अमित कुमार पुत्र सुरेश चंद्र ने बताया कि उसने इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव झुलनापुर निवासी रेशमा के साथ शादी की थी। जबकि परिवार वाले इसके विरोध में थे। बाद में युवक के परिजन मान गए, लेकिन युवती के परिजन नहीं माने। शुक्रवार सुबह अमित कुमार अपनी पत्नी के साथ बस द्वारा इंदरगढ़ से अपनी रिश्तेदारी में तालग्राम जा रहा था।
जैसे ही बस अकरमाबाद पहुंची, इंदरगढ़ के गांव झुलनापुर निवासी रेशमा का भाई, पीयूष खां पुत्र अमजद खां अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे। लोडर से बस को ओवरटेक करके रुकवाया। इसके बाद बस में चढ़कर अमित व उसकी पत्नी के साथ मारपीट करने लगे। हमलावर दोनों को खींचते बस से नीचे उतार लाए।
दोनों को हत्या की धमकी देते हुए उन्हें अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। विरोध करने पर फिर पिटाई शुरू कर दी। इस पर बस में सवार लोगों ने शोर मचाया तो पास में ही कथा सुन रहे सैकड़ों लोग दौड़ पड़े। भीड़ को आता देख तीनों हमलावर भाग गए। लोगों ने पुलिस को भी घटना की जानकारी दी।
सूचना पाकर थानाध्यक्ष रजनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मारपीट कर रहे युवती के भाई को ग्रामीणों की मदद से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके साथी भाग निकले। मामले में अमित की तहरीर के आधार पर चारों हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पकड़े गए हमलावर को जेल भेज दिया गया है। वहीं दंपति को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उनके घर पहुंचा दिया गया है।