कन्नौज। उपचुनाव के बाद मतपेटियों में बंद वोटों का पिटारा सोमवार को खुलेगा। इसमें तीन प्रधान, दो बीडीसी और 57 ग्राम पंचायत सदस्यों के भाग्य बंद हैं। जिला प्रशासन ने मतगणना कराने की तैयारियां पूरी कर ली है। जिले के पांच विकास खंडों में मतदान हुआ लेकिन गिनती चार विकास खंडों में ही होगी। कन्नौज सदर और गुगरापुर विकास खंड की गिनती शहर की नवीन मंडी समिति में होगी। शेष की गिनती उनके विकास खंडों में कराने की तैयारी भी हो गई है। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे शुरू होगी।
बता दें कि जिले की 499 ग्राम पंचायतों में रिक्त 62 पदों के लिए मतदान कराया गया था। इनमें उमर्दा विकास खंड के सखौली अनारक्षित, जलालाबाद विकास खंड के जसपुरापुर सरैया ओबीसी और इसी ब्लाक के उत्तिमापुर पट्टी में अनारक्षित प्रधान के लिए मतदान हुआ है। कन्नौज ब्लाक के रजईमऊ राजा में ओबीसी और ब्लाक हसेरन के गोपालपुर में ओबीसी महिला के लिए बीडीसी का मतदान हुआ है।
इसके अलावा पांच विकास खंडों में 57 ग्राम पंचायत सदस्य चुनने के लिए वोट डाले गए हैं। जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र ने बताया कि वोटों की गिनती कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मतगणना स्थल में केवल अधिकृत लोग ही प्रवेश पा सकेंगे।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने बताया कि कन्नौज में तीन टेबल, जलालाबाद में दो टेबल, गुगरापुर, उमर्दा व हसेरन में एक-एक टेबल पर मतगणना की जाएगी। एक टेबल पर एक मतगणना अधिकारी और तीन कार्मिक लगाए गए हैँ। दोपहर तक परिणाम घोषित हो जाने की उम्मीद है।