कन्नौज। आवासीय भूमि को कृषि आराजी दर्शाकर बैनामा कर स्टांप चोरी करने का आरोप लगाते हुए तहसील अधिवक्ताओं ने उपनिबंधक अश्विन कुमार वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि 29 अप्रैल को कन्नौज शहर मौजा कंदरौली बांगर स्थित 66 डिसमिल आवासीय आराजी का बैनामा कृषि भूमि दर्शाकर किया गया, जिसमें लाखों रुपये की स्टांप चोरी की गई है और सरकार को राजस्व की भारी क्षति हुई है। आरोप है कि उपनिबंधक अश्विन कुमार वर्मा द्वारा एक करोड़ से अधिक कीमत की आवासीय भूमि के विक्रय निबंधन में कृषि आराजी की दर से काफी कम कीमत लगाकर स्टांप चोरी कराई गई है। जबकि, फरवरी 2024 में इसी आराजी के बैनामे में आवासीय दर पर स्टांप अदा किया गया है। तब तत्कालीन सब रजिस्ट्रार द्वारा सर्किल रेट पंजिका सूची में आवासीय दर से दिए गए स्टांप को चिह्नित भी किया था। अधिवक्ताओं ने डीएम से निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस दौरान अधिवक्ता हीरालाल, अजय यादव, बदरे आलम खां, सतेंद्र श्रीवास्तव, धीरेंद्र सिंह चौहान, विनय प्रताप सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।