विनोद दीक्षित चिकित्सालय में थर्मल स्क्रीनिंग करते डाक्टर।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। कोरोना मरीजोें का आंकड़ा जिले में बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को छिबरामऊ के सौ शय्या अस्पताल के स्वाथ्यकर्मियों समेत 13 नए पॉजिटिव मिले। इसमें शहर के सब्जी व फल विक्रेता और छिबरामऊ के एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। जिले में कोरोना मरीजों की की संख्या 276 पहुंच गई। इनमें एक की मौत हो चुकी है और 235 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अब 40 संक्रमितों का कोविड-19 अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
संक्रमितों में 184 प्रवासी हैं। मंगलवार में मिले पॉजिटिव में जिला अस्पताल में ट्रूूनेट मशीन से जांच कराने वाला 52 वर्षीय अधेड़, बस स्टैंड के पीछे सरायमीरा निवासी 45 वर्षीय फल विक्रेता, बस स्टैंड के पीछे सरायमीरा निवासी 53 वर्षीय चाय विक्रेता और मोहल्ला शेखाना निवासी 17 वर्षीय किशोर शामिल हैं। इसके अलावा छिबरामऊ के मोहल्ला सराफान निवासी 30 वर्षीय स्वाथ्यकर्मी की छिबरामऊ के सौ शय्या अस्पताल में सैंपल लेने में ड्यूटी लगी थी।
आवास विकास कालोनी फेज तीन में एक ही परिवार के पांच युवक संक्रमित निकले हैं। ये लोग कानपुर में भर्ती बीमार मां की देखभाल में संक्रमित हुए हैं। सदर ब्लाक के पहलवानगंज मियांगंज निवासी 17 वर्षीय किशोर, सुभाषनगर गुरसहायगंज निवासी 50 वर्षीय अधेड़, हैवतपुर कटरा निवासी 62 वर्षीय वृद्ध भी पॉजिटिव निकले हैं। सभी को कोविड-19 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि सभी के संपर्क में आए लोगों की जानकारी की जा रही है। कुछ लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं।