कन्नौज। जसोदा स्थित प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति भारी बारिश से शनिवार को जलमग्न हो गई है। समिति परिसर तालाब में बदल गया, जिससे किसानों को उर्वरक (डीएपी और यूरिया) नहीं मिल पा रहा है। सैकड़ों किसान घुटने तक पानी में खड़े होकर इंतजार करते रहे।
गोदाम में रखी खाद की बोरियां भीगकर खराब होने की कगार पर हैं। किसानों को पीने का साफ पानी और बैठने की कोई व्यवस्था नहीं मिल रही है। सुबह पांच बजे से ही वृद्ध और युवा किसान पानी में लाइन लगाने को विवश हैं। समिति का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा है। किसानों का कहना है कि यह फसलों की बोआई और सिंचाई का मुख्य समय है। समय पर यूरिया और डीएपी न मिलने से उनकी पूरी फसल बर्बाद हो जाएगी।
कई दिनों से चक्कर काट रहे किसानों को हर बार कल आना कहकर टरका दिया जाता है। समिति कर्मचारियों की लापरवाही से किसान महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। सहकारिता विभाग का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। एआर कोऑपरेटिव उदय शंकर ने समिति परिसर में जलभराव पर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों को तुरंत पंप लगाकर पानी निकालने का निर्देश दिया। उदय शंकर ने कहा कि खाद और अन्य सामग्री को सीलन या पानी से नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उन्होंने लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।