समधन। नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का ईओ सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में खामी मिलने पर ठेकेदार को फटकार गई। कहा कि मानक के अनुरूप विकास कार्य नहीं मिलने पर भुगतान रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
शासन के निर्देश पर नगर में नाला व स्वागत द्वार की मरम्मत कार्य चल रहा है। निर्माण कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए ईओ ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मानक के अनुरूप काम न कराने वाले ठेकेदारों का भुगतान न करने की हिदायत दी। नगर के ठाकुर द्वारा मंदिर के निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासी राधेलाल पाल, अवधेश कुमार शर्मा ने बताया कि मंदिर के आसपास करीब ढाई बीघा जमीन है, जिस पर अराजकतत्वों ने भारी गंदगी फैला रखी है। गंदगी के कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है।
इस पर ईओ ने जमीन की सफाई कराने व नाला बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद गुरसहायगंज व फर्रुखाबाद मार्ग पर बन रहे नाला का निरीक्षण किया, जहां ठेकेदार द्वारा बनी दीवारों पर पानी न डलवाने पर नाराजगी जताते हुए भुगतान न करने की चेतावनी दी। इस दौरान लिपिक विवेक गुप्ता, दीपक श्रीवास्तव, आलोक शाक्य, आनंद कुमार आदि मौजूद रहे।