इंदुयागंज काली नदी पर बने पुल के लिए बनाए जाने वाले संपर्क मार्ग की नापजोख के लिए रविवार को पीडब्लूडी व राजस्व टीम ने गांव पहुंचकर जमीन की पैमाइश की। जद में आने वाले मकानों पर निशान लगाए। इस दौरान पहले मुआवजा देने की बात को लेकर महिलाओं व पुरुषों ने प्रदर्शन किया।
पुल के लिए एप्रोच रोड बनाए जाने की कवायद रविवार को शुरु की गई। पीडब्लूडी के सहायक अभियंता नीरज वर्मा, जेई हेमवीर सिंह, अपर तहसीलदार नीरज श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार ब्रहम्मानंद वर्मा, राजस्व निरीक्षक रामकिशोर यादव पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पैमाइश की जानकारी मिलते ही प्रभावित ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। अधिकारियों से पहले मुआवजा देने की बात कहने लगे।
ग्रामीणों की बातों को अनसुना कर दिए जाने पर उनमें रोष फैल गया। ग्रामीण रमेश, लक्ष्मण, रामऔतार, गंगाराम आदि कई किसानों के परिवारों की महिलाएं एकजुट हो गई। सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि पहले मुआवजा न मिलने पर सड़क नहीं बनने देंगे। उधर इस प्रकरण में राजस्व निरीक्षक ने बताया कि सभी प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके लिए पीडब्लूडी के अधिकारी जमीन को नापकर अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। इसके बाद मुआवजे की धनराशि दी जाएगी।